कर्नाटक में सरकार विवाद अभी खत्म भी नहीं हुआ है, लेकिन कांग्रेस के डिप्टी सीएम की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। दरअसल, दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने कर्नाटक के डिप्टी मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डी.के. शिवकुमार को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 29 नवंबर को भेजा गया था। इसमें उनसे 19 दिसंबर तक या तो व्यक्तिगत रूप से पेश होने या फिर मांगी गई सभी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। EOW ने कहा है कि शिवकुमार के पास नेशनल हेराल्ड मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज हो सकते हैं। यह वही केस है जिसमें पहले ही कई कांग्रेस नेताओं की भूमिका की जांच हो चुकी है और एफआईआर भी दर्ज है।
नोटिस में ये की गई है मांग
नोटिस में उनसे कई प्रकार की वित्तीय जानकारियों की मांग की गई है। इनमें उनके निजी बैंक खातों के लेन-देन, टैक्स रिकॉर्ड, दान-राशि और कांग्रेस पार्टी के फंड से जुड़ी जानकारी शामिल हैं। इसके साथ ही उनसे Young Indian कंपनी को भेजे गए फंड का पूरा विवरण देने को कहा गया है। जैसे कि पैसा कहां से आया, किस उद्देश्य से भेजा गया और उसका इस्तेमाल किस तरह हुआ। इसके अलावा EOW ने उनके राजनीतिक और संगठनात्मक जुड़ाव के बारे में भी पृष्ठभूमि मांगी है।
नहीं हाजिर होने पर होगी सकती है ये कार्रवाई?
जांचकर्ताओं का मानना है कि शिवकुमार इस केस से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब दे सकते हैं, खासकर उन लेन-देनों के बारे में जिनकी वजह से यह मामला सामने आया। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी पहले डी.के. शिवकुमार से पूछताछ कर चुका है। उनका बयान दर्ज किया गया था। अब EOW की पूछताछ ने इस केस को और तेज कर दिया है। अगर शिवकुमार 19 दिसंबर तक जानकारी नहीं देते या हाज़िर नहीं होते, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई बढ़ सकती है।




















