पंजाब। द डेमोक्रेसी
पंजाब के लुधियाना में एक शादी समारोह में खुशी का माहौल देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पखोवाल रोड स्थित बाथ कैसल पैलेस में देर रात दो पक्षों के बीच बहस के बाद जमकर गोलीबारी हुई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच से सात लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादी में शामिल दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते यह कहासुनी झगड़े में बदल गई और फिर एक पक्ष ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक चलने वाली गोलियों की आवाज़ से समारोह में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
विवाद का कारण ये
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी की है और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। सूत्रों के मुताबिक, शादी समारोह एक झूला ठेकेदार के परिवार की थी और इसमें स्थानीय विधायक भी मौजूद थे। इसके अलावा इलाके के दो कुख्यात गैंगस्टर शुभम मोटा और अंकुर लुधियाना भी शादी में शामिल हुए थे। माना जा रहा है कि इन्हीं दोनों गैंगस्टरों के गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हुई। पुलिस ने इस एंगल से भी जांच शुरू कर दी है।
20 से 25 राउंड गोलियां चलीं
बताया जाता है कि फायरिंग के दौरान करीब 20 से 25 राउंड गोलियां चलीं। गोलीबारी में नीरू छाबड़ा नाम की महिला गंभीर रूप से घायल हुईं। उन्हें तुरंत ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी मौत एक कारोबारी की हुई है, जिनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। फिलहाल घायलों का इलाज डीएमसी और अन्य निजी अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि घायलों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इन बिंदुओं पर जांच जारी
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि शादी जैसे शांतिपूर्ण आयोजन में गैंगस्टर कैसे शामिल हो जाते हैं और इतनी बड़ी सुरक्षा चूक कैसे हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समारोह में हथियार कैसे पहुंचे, किसने गोली चलाई और किसकी ओर से विवाद शुरू हुआ—इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।




















