बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को राज्य की कानून-व्यवस्था और शासन को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन की परंपरा कायम की है। हालांकि राज्य में आपराधिक घटनाएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं, लेकिन सरकार लगातार अपराध पर सख्त कार्रवाई कर रही है।
नीतीश ने सुशासन दिया, अपराध समाप्त नहीं हुआ
सम्राट चौधरी ने कहा, “नीतीश कुमार ने सुशासन दिया है। अपराध समाप्त नहीं हुआ है लेकिन अपराध के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं, लेकिन आगे इसे भी ठीक करना है।” उपमुख्यमंत्री के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा-जदयू गठबंधन में एकजुटता का संकेत माना जा रहा है।
विपक्ष का आरोप- राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमाई
हाल के दिनों में बिहार के विभिन्न जिलों से बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है। विपक्षी आरजेडी और कांग्रेस का कहना है कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। वहीं सरकार का दावा है कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, और पुलिस को स्वतंत्रता दी गई है कि किसी भी स्तर पर ढिलाई न हो।
सरकार का फोकस अपराध नियंत्रण के साथ विकास योजनाओं पर
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का फोकस अपराध नियंत्रण के साथ-साथ विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि जनता को बेहतर सुरक्षा और सुविधा मिल सके।
सम्राट चौधरी क बयान सत्ता-संतुलन को मजबूत करने वाला
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सम्राट चौधरी का यह बयान जदयू और भाजपा के बीच जारी सत्ता-संतुलन को मजबूत करने वाला है। वहीं सुशासन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को फिर से आगे लाने की रणनीति भी देखी जा रही है। बिहार में कानून-व्यवस्था और सुशासन का मुद्दा हमेशा चुनावी राजनीति का केंद्र रहा है। ऐसे में सम्राट चौधरी का ताजा बयान आने वाले समय में राजनीतिक हलचल को और तेज कर सकता है।
















