पटना। द डेमोक्रेसी
बिहार सरकार में चर्चित मंत्री दीपक प्रकाश मंत्रालय संभालने के बाद प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत की। कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में काम करना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि यह मुलाकात बेहद सकारात्मक रही। जिसमें मुख्यमंत्री ने उन्हें आगे बेहतर काम करने के लिए आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।
हर दिन नई चीजें सीख रहे हैं
दीपक प्रकाश ने कहा कि वे अभी सरकार और प्रशासन के कामकाज को समझने की प्रक्रिया में हैं। हर दिन नई चीजें सीख रहे हैं। उन्होंने माना कि शासन और नीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने के लिए अनुभव की जरूरत होती है। इस मामले में उन्हें मुख्यमंत्री सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिल रहा है। मंत्री ने बताया कि मुलाकात के दौरान सरकार की प्राथमिकताओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
सीएम नीतीश ने दी ये सलाह
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लंबे समय से राज्य की राजनीति और प्रशासन में सक्रिय हैं। इसलिए उनके अनुभव से सीखने का मौका मिलना बेहद महत्वपूर्ण है। दीपक प्रकाश ने दावा किया कि वे सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें विभागीय कामकाज को तेज गति से आगे बढ़ाने और जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है।
राज्य में विकास की गति और तेज होगी
मंत्री ने कहा कि वे बिहार के विकास, रोजगार, बुनियादी ढांचे और आम जनता की समस्याओं के समाधान पर प्राथमिकता के साथ काम करेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में विकास की गति और तेज होगी। दीपक प्रकाश ने यह भी कहा कि वे संगठन और पार्टी के उन वरिष्ठ नेताओं से भी लगातार सलाह लेते रहते हैं जिनके पास वर्षों का राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव है। उन्होंने कहा कि यह सीखने और बेहतर काम करने का बेहतरीन समय है। वे कोशिश करेंगे कि जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे उतरें। मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात को उन्होंने उत्साह बढ़ाने वाली करार दिया। कहा कि इससे उन्हें आगे और ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा मिली है।
















