बिहार में नई सरकार बनते ही एक्शन चालू हो गया है। शपथ ग्रहण के बाद ही अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गृह विभाग का प्रभार संभालते ही कार्रवाई शुरू कर दी। दरअसल, शुक्रवार देर रात बेगूसराय में STF और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। इस कार्रवाई में एक कुख्यात बदमाश घायल हो गया। घायल अपराधी की पहचान शिवदत्त राय (27) के रूप में हुई है। जो 2 सितंबर 2022 को हुए सरपंच के बेटे अवनीश कुमार की सनसनीखेज हत्या का मुख्य वांछित था। यह एनकाउंटर साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के मल्हीपुर और शालिग्राम गांवों के बीच हुआ।
अवैध हथियार खरीदने आया था शूटर शिवदत्त
पुलिस को कुख्यात शूटर शिवदत्त को लेकर इंपुट मिला था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि शिवदत्त साथियों के साथ अवैध हथियार खरीदने आया है। वह मल्हीपुर में हथियार लेने आया है। इस जानकारी के बाद STF और पुलिस ने मिलकर त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दो बाइक पर सवार 6 बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। सूत्रों के अनुसार, अपराधियों ने 6-7 राउंड गोलियां चलाईं, जबकि पुलिस ने 3 राउंड फायर किए। इस मुठभेड़ में एक गोली शिवदत्त राय की जांघ में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। जबकि, अंधेरे का फायदा उठाकर उसके 5 अन्य साथी फरार होने में कामयाब रहे।
शिवदत्त की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी
घायल शिवदत्त राय को तुरंत पकड़कर उससे पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक ठिकाने पर छापेमारी की। जहां से पुलिस को बड़ी सफलता मिली। अवैध 9 पिस्टल का जखीरा, भारी मात्रा में नकद राशि और अवैध रूप से रखा गया प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया है। गंभीर रूप से घायल शिवदत्त राय का इलाज पुलिस हिरासत में बेगूसराय सिविल हॉस्पिटल में चल रहा है। पुलिस उसकी हालत पर निगरानी रखे हुए है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह ऑपरेशन अपराधियों को कड़ा संदेश है और फरार हुए पांच अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।




















