मधेपुरा। द डेमोक्रेसी
मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में देर शाम एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। NH-107 मधेपुरा–पूर्णिया मुख्य मार्ग पर बेलदौर नहर के पास सोना-चांदी के व्यवसायी को लूटपाट के दौरान गोली मार दी गई। घटना के बाद से आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानिए क्या है पूरी घटना
मिली जानकारी के अनुसार जीतापुर निवासी 55 वर्षीय नवल किशोर स्वर्णकार अपने पुत्र कुंदन स्वर्णकार के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। वे सीएनजी ऑटो से सफर कर रहे थे। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार तीन से चार हथियारबंद बदमाशों ने ऑटो को ओवरटेक कर रोक लिया। अपराधियों ने उनसे चांदी और आभूषणों से भरा करीब 1 किलो 800 ग्राम का बैग लूटने की कोशिश की। जब नवल किशोर ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके बाएं हाथ में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर ऑटो में ही गिर पड़े।
घटना होते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और घायल व्यवसायी को तुरंत मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टर जितेंद्र कुमार जितेश ने उनका प्राथमिक उपचार किया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मधेपुरा के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना अध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में आसपास के इलाकों में घेराबंदी की और कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही लुटेरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात के बाद स्थानीय व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोग मांग कर रहे हैं कि पुलिस रूट पर पेट्रोलिंग बढ़ाए और लूट की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करे।
अब किसी भी समय अपराधी बना रहे निशाना
इस घटना ने यह भी साफ कर दिया है कि अपराधी अब शाम और रात ही नहीं, बल्कि किसी भी समय दुकानदारों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन भी इस बढ़ते आपराधिक घटनाक्रम पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की तैयारी में है।
















