पूर्णिया। द डेमोक्रेसी
पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। NH-107 पर गोकुलपुर गोदाम के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों के नाम और पहचान
मृतकों की पहचान बिठनौली पश्चिम पंचायत के वार्ड-6, बनियापट्टी गांव निवासी नीतीश कुमार (23 वर्ष), पिता जगरनाथ राम और रुपौली थाना क्षेत्र के बीरौली निवासी संजीव कुमार, पिता विनोद साह के रूप में हुई है। जबकि गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान सरसी थाना क्षेत्र के कचहरी बलुआ वार्ड-10 निवासी शम्भू राम, पिता अनिल राम के रूप में की गई है। शम्भू राम को पहले केनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले जाया गया, जहाँ से उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया गया।
किसे पता था मौत इंतजार कर रही है
नीतीश कुमार की पत्नी खुशबू कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि नीतीश दोपहर लगभग 2 बजे अपनी बहन के घर निपनिया गए थे। उन्होंने दुख भरे शब्दों में कहा कि किसे पता था कि लौटते वक्त रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही होगी। उस वाहन ने सिर्फ मेरे पति को नहीं, हमारे पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया।
टक्कर के बाद चालक वाहन सहित फरार
स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है। केनगर थानाध्यक्ष मुन्ना पटेल ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत हुई है। एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
















