खगड़िया। द डेमोक्रेसी
खगड़िया जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव में आयोजित निकाह की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। बारात के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में दूल्हा गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना शुक्रवार देर रात की है। वार्ड नंबर-5 निवासी मोहम्मद अमजद की बेटी रुकसार की शादी थी। बारात आने के बाद सभी रस्में खुशी-खुशी चल रही थीं। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई और अफरा-तफरी मच गई। गोली सीधे दूल्हा मोहम्मद ईरशाद के गले में जा लगी। ईरशाद मुंबई में दर्जी का काम करते थे और शादी के लिए कुछ दिन पहले ही घर लौटे थे।
शादी का माहौल शोक में बदल गया
गोली लगते ही परिजन और बाराती घबरा गए। आनन-फानन में दूल्हे को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें बेगूसराय और फिर पटना रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। दूल्हे की मौत की खबर जैसे ही पहुंची, शादी का माहौल शोक में बदल गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि घटना हर्ष फायरिंग के दौरान हुई। वहीं दूल्हे की मां और कुछ रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि यह किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले घर में हुई दूसरी शादी के दौरान भी पड़ोस के कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था। इसी विवाद को लेकर यह गोली चलाई गई और ईरशाद को जानबूझकर निशाना बनाया गया।
पड़ोसी पर लगाया आरोप
दुल्हन के पिता मोहम्मद अमजद ने भी इसी आशंका पर पड़ोस के एक युवक पर गोली मारने का आरोप लगाया है। घटना के बाद मौके पर एसएपी सह सदर डीएसपी मुकुल कुमार रंजन और मुफ्फसिल थानाध्यक्ष पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग किसने की और गोली कैसे चली—इसकी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गांव में मातम और खौफ का माहौल है। परिजन बार-बार बेहोश हो रहे हैं और रो-रोकर एक ही बात कह रहे हैं। हमारा बेटा किसकी गलती की सजा पा गया? इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि खुशी के मौके पर की जाने वाली हर्ष फायरिंग आखिर कब तक परिवारों को उजाड़ती रहेगी?




















