पूर्णिया। द डेमोक्रेसी
जिले के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। पूर्णिया के चार खिलाड़ियों—झीलटोला निवासी मनीष उरांव, आशीष सोरेन, तथा जनता चौक निवासी रूपा तिर्की और करीना तिर्की का चयन आगामी बिहार ड्रैगन बोट टीम के लिए किया गया है। खिलाड़ियों के चयन की खबर मिलते ही जिले में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई। स्थानीय खेल प्रेमियों, संगठनों और खिलाड़ियों के परिजनों में उत्साह का माहौल है।
पूर्णिया के लिए उपलब्धि
रग्बी फुटबॉल एवं ड्रैगन बोट संघ के सचिव शुभम आनंद ने बताया कि चारों खिलाड़ी पिछले 15 दिनों से मोतिहारी के मोती झील में आयोजित नेशनल ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा ले रहे थे। जिसमें 40 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन और शारीरिक दक्षता के आधार पर इन खिलाड़ियों का चयन बिहार टीम के लिए किया गया है। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि पूर्णिया के खेल विकास और स्थानीय प्रशिक्षण प्रणाली के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि है।
पूर्णिया हमेशा से प्रतिभा का केंद्र रहा
शुभम आनंद ने कहा कि पूर्णिया हमेशा से प्रतिभा का केंद्र रहा है। इन चार खिलाड़ियों का चयन इस बात का प्रमाण है कि यदि सही मार्गदर्शन और अभ्यास मिले तो छोटे शहरों से भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभर सकते हैं। उन्होंने वर्ष 2023 की सफलता को भी याद किया। जब पूर्णिया की मनीषा उरांव और अनामिका उरांव का चयन बिहार ड्रैगन बोट टीम में हुआ था। दोनों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और टीम को मेडल दिलाया। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अनामिका उरांव का चयन इंडिया टीम में हुआ था, जिन्होंने थाईलैंड में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर देश का मान बढ़ाया। बाद में बिहार सरकार ने दोनों खिलाड़ियों को कैश पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
ड्रैगन बोट नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन महाराष्ट्र में
उन्होंने बताया कि ड्रैगन बोट नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन 23 से 27 नवंबर 2025 तक नांदेड़, महाराष्ट्र में होने जा रहा है। बिहार टीम प्रतियोगिता के लिए रवाना हो चुकी है और पूर्णिया के खिलाड़ियों से इस बार भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। चयनित खिलाड़ियों को बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से सीमा उरांव, बीरेंद्र कुमार उरांव, विक्रम तिर्की, विकास सोरेन, अजय उरांव, संजय सोरेन, अंजेश कुजूर, सागर उरांव तथा मोनिका टुड्डू शामिल हैं। पूर्णिया के इन युवा खिलाड़ियों के चयन ने जिले की नई पीढ़ी को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।
















