प्रेम प्रसंग बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच और आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार, हत्या की जड़ में ‘पुराने रिश्तों की रंजिश’ थी। आरोपी साजन ने बताया कि पहले नवीश के बड़े भाई का उसकी सगी बहन के साथ प्रेम संबंध था और वह उसे भगाकर ले गया था, जिसके बाद किडनैपिंग का केस दर्ज हुआ और नवीश का बड़ा भाई जेल गया। इसी बीच, मृतक नवीश ने साजन की चचेरी बहन को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया, जिससे साजन बेहद नाराज़ था। इसी कारण उसने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर नवीश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

जानिए क्या है मामला
नवीश के पिता लालू यादव ने बताया कि 15 नवंबर को साजन, उसके भाई रितेश कुमार, गुड्डू कुमार, जीजा अमन यादव और बिहारी यादव घर आए और नवीश को लक्ष्मीनिया बस्ती ले जाने के बहाने अपने साथ ले गए। शाम तक न लौटने पर जब खोज शुरू की गई, तो कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद 17 नवंबर को परिजनों ने उसके दोस्तों पर किडनैपिंग का मामला दर्ज कराया।
लालू यादव ने साजन को पकड़ पुलिस को सौंपा
लालू यादव ने 17 नवंबर को साजन को पकड़कर पुलिस को सौंपा था। लेकिन शुरुआती पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। बाद में सबूत मिलने पर उसे दोबारा पकड़ा गया, जहां सख्ती से पूछताछ करने पर साजन टूट गया और उसने हत्या का पूरा घटनाक्रम कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि नवीश पर 10 से अधिक चाकू के वार किए गए और फिर गला काटकर उसकी हत्या की गई।
हत्या कर शव बगीचे में दफनाया
साजन की निशानदेही पर पुलिस ने 21 नवंबर की देर रात मोहनपुर के पास बगीचे में दफनाया गया शव बरामद किया। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी ने अवैध संबंध के कारण हत्या की बात स्वीकार की है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। यह वारदात पूर्णिया में रिश्तों के नाम पर किए जाने वाले क्रूर अपराधों की एक और भयावह मिसाल बन गई है।


















